कहानी- शादी के बाद भी व्यक्ति को नहीं मिला सुख:एक के बाद एक समस्याएं आ रही हैं, तो ये 8 बातें ध्यान रखें, जीवन में सुख आ सकता है

Oct 04, 2026 - 07:15
0 0
कहानी- शादी के बाद भी व्यक्ति को नहीं मिला सुख:एक के बाद एक समस्याएं आ रही हैं, तो ये 8 बातें ध्यान रखें, जीवन में सुख आ सकता है
जीवन में परेशानियां कभी अकेले नहीं आतीं। एक समस्या खत्म होती है, तो दूसरी चुनौती सामने खड़ी हो जाती है। ऐसे समय में इंसान अक्सर निराश होकर सोचने लगता है कि आखिर उसके जीवन की मुश्किलें कब खत्म होंगी, लेकिन सच्चाई यह है कि समस्याएं पूरी तरह खत्म कभी नहीं होतीं, हमें इंतजार करने के बजाय समस्याओं के बीच से रास्ता बनाते हुए आगे बढ़ना सीखना चाहिए। एक लोक कथा है। कथा के मुताबिक पुराने समय में एक व्यक्ति बचपन से ही संघर्ष देखते हुए बड़ा हुआ। उसके पिता का निधन कम उम्र में हो गया था। परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई। उसने अपनी मां और भाई-बहनों की देखभाल करते हुए काम किया। जब वह बड़ा हुआ, तो उसकी शादी हुई, तब उसे लगा कि शायद अब जीवन थोड़ा आसान होगा, लेकिन परिस्थितियां इसके विपरीत रहीं। उसकी पत्नी से भी उसकी नहीं बन पा रही थी। वैवाहिक जीवन में भी एक परेशानी खत्म होती, उससे पहले दूसरी समस्या सामने आ जाती। लगातार संघर्ष से वह व्यक्ति बहुत निराश हो गया। एक दिन वह एक प्रसिद्ध संत के पास पहुंचा और बोला, “गुरुजी, मैं बहुत परेशान हूं। मुझे अपना शिष्य बना लीजिए। शायद मेरे जीवन की समस्याओं का कोई समाधान मिल जाए।” संत ने उसे अपना शिष्य स्वीकार कर लिया और उसकी परेशानी पूछी। व्यक्ति ने कहा, “गुरुजी, मेरी एक समस्या खत्म नहीं होती कि दूसरी सामने आ जाती है। इसी वजह से मैं किसी काम में सफलता हासिल नहीं कर पाता।” संत ने कहा, “चलो, मैं तुम्हें तुम्हारी समस्या का समाधान समझाता हूं।” संत उसे साथ लेकर करीब बह रही नदी के किनारे पहुंचे। संत नदी की ओर देखते हुए वहीं खड़े हो गए। काफी समय बीत गया, लेकिन संत आगे नहीं बढ़े। आखिरकार शिष्य ने पूछा, “गुरुजी, हमें नदी पार करनी है, तो हम यहां क्यों खड़े हैं?” संत ने शांत भाव से कहा, “हम नदी के पानी के सूखने का इंतजार कर रहे हैं। जब नदी सूख जाएगी, तब इसे आसानी से पार कर लेंगे।” यह सुनकर शिष्य हैरान रह गया। उसने कहा, “गुरुजी, नदी का पानी भला कब सूखेगा? हमें अभी नदी पार करने का रास्ता खोजना चाहिए।” संत मुस्कुराए और बोले, “बस, यही तुम्हारे जीवन का उत्तर है। जिस तरह नदी पार करने के लिए उसके सूखने का इंतजार नहीं कर सकते, ठीक उसी तरह जीवन की सभी समस्याओं के खत्म होने का इंतजार करके लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। समस्याएं आती रहेंगी, लेकिन हमें उनके बीच से रास्ता बनाकर आगे बढ़ते रहना होगा।” शिष्य को गुरु की बात समझ आ गई। उस दिन से उसने समस्याओं को रुकने की वजह नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की चुनौती समझना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उसकी सोच बदली और उसके जीवन में भी बदलाव आने लगा। प्रसंग की सीख 1. इंतजार न करें, आगे बढ़ें जीवन में सभी परेशानियां एक साथ खत्म हो जाएं, ऐसा संभव नहीं है। एक चुनौती के बाद दूसरी चुनौती आ जाती है। इसलिए परिस्थितियों के पूरी तरह अनुकूल होने का इंतजार करने के बजाय उपलब्ध परिस्थितियों में आगे बढ़ने की कोशिश करें। 2. छोटी शुरुआत करें बड़ी समस्या को देखकर लोग अक्सर घबरा जाते हैं। ऐसे में पूरी समस्या को एक साथ हल करने के बजाय उसे छोटे हिस्सों में बांटें। रोजाना उठाए गए छोटे-छोटे कदम भी समय के साथ बड़ी प्रगति में बदल सकते हैं। 3. रुकावट और विराम में अंतर समझें लगातार आगे बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति बिना आराम किए काम करता रहे। थकने पर आराम करना जरूरी है, लेकिन निराश होकर लक्ष्य छोड़ देना सही बात नहीं है। आराम के बाद दोबारा शुरुआत करना सीखें। 4. समस्या पर नहीं, समाधान पर ध्यान दें “मेरे साथ ही ऐसा क्यों हो रहा है?” इस सवाल में उलझने के बजाय खुद से पूछें, “अब मैं क्या कर सकता हूं?” यह सोच समस्या को लेकर आपकी दृष्टि बदल सकती है और अगले कदम को स्पष्ट कर सकती है। 5. असफलता से सीखें हर प्रयास सफल हो, यह जरूरी नहीं। किसी काम में असफलता मिलने पर उसे अंतिम परिणाम मानने के बजाय यह देखें कि उससे क्या सीख मिली। गलतियों को पहचानकर अगली कोशिश बेहतर की जा सकती है। 6. धैर्य बनाए रखें कुछ समस्याओं का समाधान तुरंत नहीं मिलता। ऐसे समय में धैर्य रखना बहुत महत्वपूर्ण है। लगातार प्रयास और समय कई ऐसी परिस्थितियों को बदल सकते हैं, जिन्हें शुरुआत में असंभव माना जाता है। 7. अपनी प्राथमिकताएं तय करें जब जीवन में कई परेशानियां हों, तो हर चीज को एक साथ ठीक करने की कोशिश तनाव बढ़ा सकती है। जरूरी कामों को प्राथमिकता दें और एक समय में एक महत्वपूर्ण समस्या पर ध्यान केंद्रित करें। 8. लक्ष्य को याद रखें मुश्किल रास्ते में कई बार व्यक्ति अपने लक्ष्य को भूल जाता है। हर स्थिति में अपने लक्ष्य को बार-बार याद करें। इससे कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User